Trending
Kuruksetra News; कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बुधवार सुबह मकान की छत गिरने से 2 सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह 6 बजे शाहाबाद की अमर विहार कॉलोनी में हुआ। जैसे ही पड़ोसियों को मकान की छत गिरने की भनक लगी तो अफरा-तफरी मच गई और मलबा हटा घायलों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक 2 भाइयों की मौत हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 6 बजे जब सभी मजदूर मकान में सो रहे थे तभी अचानक छत भरभराकर गिर गई। शोर सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही शाहाबाद पुलिस चौकी इंचार्ज महेश कुमार दल-बल सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सभी मजदूर करीब आठ दिन पहले काम की तलाश में शाहाबाद आए थे और अस्थायी रूप से इस मकान में रह रहे थे।
मृतकों और घायलों की पहचान
मलबे में दबने से संदीप (26) और कुलदीप (27) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों सगे भाई थे और मजदूरी के काम के लिए शाहाबाद आए हुए थे। हादसे में राजेंद्र (प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश),राजू (प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश),पप्पू (प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश) सुरेंद्र पाठक (समस्तीपुर, बिहार) भी घायल हुए हैं,जिन्हें शाहाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से सुरेंद्र पाठक को गंभीर हालत में LNJP अस्पताल, कुरुक्षेत्र रेफर किया गया।
कमजोर छत बनी मौत का कारण
हादसे के समय कल्लू नामक व्यक्ति बाथरूम गया हुआ था। उसने शोर सुनकर कॉलोनी के लोगों को बुला लिया, जिसके चलते अन्य मजदूरों की जान बच सकी। स्थानीय लोगों ने बताया कि मकान पूरी तरह कच्चा था और छत लकड़ी की कड़ियों से बनी थी। बारिश का पानी रोकने के लिए उस पर तिरपाल डाली गई थी। लगातार बारिश के कारण छत और दीवारें कमजोर हो चुकी थीं, इसी वजह से यह हादसा हुआ।