Trending
Bhagwant Mann health update; चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। वे पिछले दो दिनों से बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर थे,लेकिन तबीयत बिगड़ने पर अब उनके कार्यक्रमों पर सस्पेंस बना हुआ है। फिलहाल, डॉक्टरों की टीम उनकी देखभाल में जुटी है। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री की तबीयत बीती रात खराब हुई। गुरुवार सुबह आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा उनसे मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं ने करीब आधे घंटे मुलाकात की, लेकिन बाहर आकर किसी ने बयान नहीं दिया।
अब केजरीवाल करेंगे दौरा
मुख्यमंत्री मान की अनुपस्थिति में अरविंद केजरीवाल और अमन अरोड़ा ही बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। पार्टी की ओर से कहा गया है कि सीएम मान की सेहत स्थिर है और जल्द ही आधिकारिक अपडेट जारी किया जाएगा। बता दें कि सीएम मान ने 5 सितंबर को कैबिनेट बैठक बुलाई थी, जिसमें बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की रणनीति बननी थी, लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ने के चलते फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बैठक समय पर होगी या नहीं।
पहले भी बिगड़ी थी तबीयत
गौरतलब है कि सितंबर 2024 में भी भगवंत मान को अचानक तबीयत बिगड़ने पर मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय जांच में उनकी पल्मोनरी आर्टरी में सूजन और लैप्टोस्पायरोसिस संक्रमण की पुष्टि हुई थी। कुछ दिन इलाज के बाद वे पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य दिनचर्या में लौट आए थे।