Trending
Haryana Congress president change; चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव में हार के एक साल बाद कांग्रेस ने आखिरकार बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। चौधरी उदयभान की छुट्टी के बाद राव नरेंद्र सिंह को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को एक बार फिर कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया है।
हालांकि, नई घोषणा के साथ ही विरोध के स्वर भी उठने लगे हैं। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैप्टन अजय सिंह यादव ने सोशल मीडिया पर फैसले पर आपत्ति जताई। उन्होंने लिखा-“हरियाणा में कांग्रेस पार्टी के लगातार गिरते ग्राफ को देखते हुए आज लिए गए निर्णय पर पार्टी को आत्मनिरीक्षण करने की आवश्यकता है। राहुल गांधी जी की इच्छा थी कि हरियाणा कांग्रेस का अध्यक्ष एक ऐसे व्यक्ति को बनाया जाए,जिसकी छवि साफ-सुथरी, बेदाग और युवा नेतृत्व की पहचान रखने वाली हो। मगर, यह निर्णय इसके ठीक उलट दिखाई देता है। इस वजह से पार्टी कार्यकर्ताओं और कैडर का मनोबल बिल्कुल गिर गया है।”
कैप्टन अजय सिंह यादव ने इस पोस्ट के साथ राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और बीके हरि प्रसाद को भी टैग किया है।
इधर, नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला और भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह से भी भेंट की।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बदलाव हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी को और बढ़ा सकता है, क्योंकि हुड्डा गुट और अन्य नेताओं के बीच पहले से ही खींचतान चल रही है।
वहीं, पार्टी आलाकमान का इरादा 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले संगठन को नए सिरे से खड़ा करने का है।