Trending
Haryana doctor murder case; हरियाणा के नूंह जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पुन्हाना शहर के नामचीन डॉक्टर विनोद गोयल की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप डॉक्टर के ही एक करीबी दोस्त और पूर्व पार्षद दीपक राजस्थानी पर लगे हैं। मृतक की शिनाख्त पुन्हाना शहर के नामचीन डॉक्टर विनोद गोयल के रूप में हुई है। हत्यारोपियों ने हत्या के बाद शव को अपने साथियों के साथ मिलकर हरिद्वार ले जाकर गंगा नदी में बहा दिया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच 23 लाख रुपए को लेकर विवाद चल रहा था। जानकारी अनुसार, डॉक्टर विनोद गोयल 29 अगस्त को अचानक लापता हुए थे। विनोद के भाई ने 3 सितंबर को पुन्हाना सिटी थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी, लेकिन जब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ।
डॉक्टर का पुन्हाना शहर में नर्सिंग होम
जानकारी के मुताबिक, 60 वर्षीय डॉक्टर विनोद गोयल का पुन्हाना शहर में गोयल नर्सिंग होम है। उनके अस्पताल के सामने ही पूर्व पार्षद दीपक राजस्थानी का राजस्थानी बर्तन भंडार है। डॉ. विनोद और दीपक में करीब 15 साल से गहरी दोस्ती थी,लेकिन 23 लाख रुपए को लेकर अनबन चल रही थी। इसी विवाद में आरोपी ने पहले डॉ. विनोद की गला दबा हत्या की और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर 29 अगस्त को शव हरिद्वार गंगा नदी में बहा दिया।
सख्ती से पूछा तो खुला भेद
पुन्हाना पुलिस ने शुक्रवार को शक के आधार पर आरोपी दीपक राजस्थानी को हिरासत में लिया। यहां सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कई खुलासे किए। यही नहीं, इस हत्याकांड में लखनऊ के अशोक और मुस्तकीम के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।