Trending
Kurukshetra CM Nayab Saini: कुरुक्षेत्र। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कठिन परिश्रम से भारत का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ाया है और गरीबों को सशक्त बनाने का कार्य किया है, लेकिन यह विपक्ष को रास नहीं आ रहा। यही कारण है कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जैसे नेता प्रधानमंत्री की स्वर्गीय माता पर टिप्पणी कर रहे हैं। सीएम सैनी ने कहा कि ऐसे नेताओं को देश से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि इस तरह की भाषा बोलने का किसी को अधिकार नहीं है। वे रविवार को कुरुक्षेत्र में स्वच्छ कुरुक्षेत्र, मेरा कुरुक्षेत्र, मेरा अभिमान अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सीएम ने कहा कि बिहार की भूमि पवित्र है। यह वही धरती है जहां भगवान बुद्ध ने मानवता का संदेश दिया, चाणक्य ने राजनीति और नीति का ज्ञान दिया, गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश हुआ और माता सीता का जन्म हुआ। ऐसे पावन स्थल से राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की यह टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कभी संविधान लेकर चलते हैं तो कभी वोट चोरी का आरोप लगाते हैं। यह विपक्ष की हताशा और बौखलाहट का परिचायक है।
भारत कठिन परिस्थितियों में भी मजबूती से खड़ा
अमेरिका द्वारा 50% टैरिफ लगाने के सवाल पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भारत को चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि देश के पास मजबूत नेतृत्व है। भारत की संस्कृति और संस्कार ऐसे हैं कि वह हर कठिन परिस्थिति में मजबूती से खड़ा रहता है। इससे पहले भी पोखरण परमाणु परीक्षण के समय भारत पर प्रतिबंध लगे थे, लेकिन भारत ने हार नहीं मानी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
सीएम ने कांग्रेस नेताओं पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता लाडो-लक्ष्मी योजना पर सवाल उठा रहे हैं और गुटबाजी के चलते अलग-अलग बयान दे रहे हैं। वोट बैंक की राजनीति के लिए ये नेता राहुल गांधी को स्क्रिप्ट थमा देते हैं। सीएम ने तंज कसा कि इन नेताओं को राहुल गांधी को हिमाचल, कर्नाटक और तेलंगाना का भ्रमण करवाना चाहिए, जहां महिलाओं को 1500 से 2000 रुपए देने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक पूरा नहीं हुआ। इसी तरह राहुल गांधी को पंजाब भी लेकर जाना चाहिए, जहां महिलाओं को 1100 रुपए देने का वादा अधूरा है।
सीएम सैनी ने कहा कि इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी ने अपने सारे वादे पूरे किए हैं, चाहे महाराष्ट्र हो या हरियाणा। बीजेपी ने जो कहा, उसे निभाया है।