Haryana Lado Laxmi Yojana Updates; चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह योजना 25 सितंबर से लागू होगी। पात्र महिलाओं को 1 नवंबर से हर महीने ₹2100 की वित्तीय सहायता मिलनी शुरू हो जाएगी। सरकार इस योजना पर 4,062 करोड़ रुपए सालाना खर्च करेगी। जो महिलाएं 15 सालों से हरियाणा में रह रही हैं, उन्हें भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
कौन होंगी पात्र महिलाएं
- महिला की उम्र 23 साल से अधिक होनी चाहिए।
- परिवार की सालाना आय 1 लाख रुपये तक होनी चाहिए।
- महिला कम से कम 15 साल से हरियाणा की निवासी हो।
कैसे करें रजिस्ट्रेशन
- महिलाओं को लाडो लक्ष्मी एप के माध्यम से आवेदन करना होगा।
- आवेदन करने के बाद पंजीकरण आईडी मिलेगी।
- CRID (नागरिक संसाधन सूचना विभाग) आवेदन का PPP और अन्य दस्तावेजों से मिलान कर 15 दिन में सत्यापन करेगा।
- सत्यापन के बाद पात्र महिलाओं की सूची बनेगी और उन्हें SMS भेजा जाएगा।
- इसके बाद महिला से पूछा जाएगा कि वह ₹2100 पूरे लेना चाहती है या कम राशि। इसकी पुष्टि होते ही अगले महीने से राशि सीधे बैंक खाते में भेज दी जाएगी।
योजना से जुड़ी खास शर्तें और नियम
- यदि कोई महिला लगातार दो महीने तक भुगतान लेने में विफल रहती है तो उसका खाता बंद कर दिया जाएगा। भुगतान तभी शुरू होगा जब बैंक खाता विवरण परिवार पहचान पत्र (PPP) में अपडेट होगा।
- योजना का लाभ उसी महीने से मिलेगा जिसमें लाभार्थी की आईडी जेनरेट होगी। राशि का भुगतान अगले महीने से शुरू होगा।
- यदि कोई महिला गलत जानकारी देकर योजना का लाभ लेती है तो उसे पूरी राशि 12% सालाना ब्याज के साथ लौटानी होगी। वसूली का अधिकार जिला समाज कल्याण अधिकारी को होगा।
- यदि महिला राशि लौटाने में असमर्थ रहती है तो वसूली उसके पति या बेटे से हरियाणा भूमि राजस्व अधिनियम के तहत भू-राजस्व के रूप में की जाएगी। संपत्ति न होने पर कार्रवाई की जाएगी।
- लाभार्थी को हर महीने लाडो लक्ष्मी एप के जरिए चेहरे का प्रमाणीकरण और बायोमेट्रिक सत्यापन कराना होगा। नागरिक संसाधन सूचना विभाग (CRID) इसके लिए हर महीने एसएमएस के जरिए महिला को सूचित करेगा।
- जिन आधारों पर महिला को योजना का लाभ मिला है, यदि वे आधार बाद में समाप्त हो जाते हैं (जैसे नौकरी लगना, गरीबी रेखा से ऊपर जाना या मृत्यु हो जाना) तो भुगतान तुरंत बंद हो जाएगा।