Trending
Kurukshetra Virasat Sanjhi Utsav 2025; कुरुक्षेत्र। बदलते दौर में जहां लोक सांस्कृतिक परम्पराएं विलुप्त होती जा रही हैं, वहीं विरासत हेरिटेज विलेज और एसोसिएशन ऑफ हरियाणवीज इन ऑस्ट्रेलिया इन परम्पराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में 21 सितंबर से 1 अक्टूबर 2025 तक विरासत जी.टी. रोड मसाना में विरासत एएचए पांचवा सांझी उत्सव आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम निदेशक अभिनव पूनिया ने बताया कि उत्सव के दौरान लगने वाली प्रदर्शनी में खेती-बाड़ी के पुरातन औजार, बैलगाड़ी, ठोकर, बैलड़ी, पुराने समय के बाट, चडस-ढ़ेकली, कांसे-पीतल के बर्तन, कुएं से पानी खींचने वाले डोल, अनाज मापने के माप, दूध बिलोने की रई, पीतल की बाल्टियां, चरखे और विदाई में दी जाने वाली पारम्परिक फुलझड़ी प्रदर्शित होंगी। मिट्टी व लुगदी से बने बोहिए भी विशेष आकर्षण होंगे।
पूनिया ने बताया कि उत्सव में विद्यालय, महाविद्यालय और विश्वविद्यालयों के छात्र लोक संस्कृति से रूबरू होंगे। महिलाओं में इस उत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। लोक सांस्कृतिक प्रदर्शनी के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी उत्सव की शोभा बढ़ाएंगे।