Trending
Yamunanagar CMO Dr. Manjeet Singh death; हरियाणा के यमुनानगर के सिविल सर्जन (CMO) डॉ. मंजीत सिंह (53 वर्ष) का रविवार रात को कुरुक्षेत्र के झांस स्थित फार्म हाउस में अचानक निधन हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्हें हार्टअटैक आया। डॉ. मंजीत पर कुछ दिनों पहले यमुनानगर की 25 वर्षीय महिला डॉक्टर ने यौन शोषण और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। आरोप था कि उन्होंने फोन पर संबंध बनाने का दबाव डाला। महिला डॉक्टर ने कॉल रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित रखी थी। इस रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया था।
इसके बाद से डॉ. मंजीत पुलिस से बचते रहे। लोकल कोर्ट में उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो गई थी। कोर्ट ने कॉल रिकॉर्डिंग सुनने के बाद इसे अश्लील और आपत्तिजनक बताया। जमानत अर्जी खारिज होने के बाद वे हाईकोर्ट जाने की तैयारी कर रहे थे। बता दें कि डॉ. मनजीत सिंह कुरुक्षेत्र में भी एलएनजेपी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक रह चुके हैं।
कुरुक्षेत्र के CMO डॉ. सुखबीर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह कार्डियक अरेस्ट का मामला लग रहा है। कार्डियक अरेस्ट में हृदय अचानक धड़कना बंद कर देता है, जिससे शरीर में रक्त और ऑक्सीजन का प्रवाह रुक जाता है। यदि तुरंत उपचार न मिले, तो मौत हो सकती है। सीएमओ ने बताया कि तनाव, मानसिक दबाव और पुरानी स्वास्थ्य समस्याएं कार्डियक अरेस्ट की वजह बन सकती हैं।
SC/ST समेत कई धाराओं के तहत दर्ज है केस
22 सितंबर को जिला नागरिक अस्पताल यमुनानगर की महिला चिकित्सक ने सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह पर यौन शोषण और जातिसूचक शब्द कहने के आरोप लगाए थे। महिला पुलिस को दी शिकायत में महिला चिकित्सक ने बताया था कि सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल कर अश्लील बातें कीं और संबंध बनाने के लिए कहा। महिला चिकित्सक ने कॉल रिकॉर्डिंग भी की। रिकॉर्डिंग सहित पुलिस को दी शिकायत पर सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह पर बीएनएस की धारा 75 (2), 78 व एससी-एसटी एक्ट 1989 की धारा 3 (1) (1) के तहत मामला दर्ज किया गया था।