Trending
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) राजेश कुमार के बीच हुई तीखी झड़प ने तूल पकड़ लिया। लघु सचिवालय परिसर में चढूनी ने DFSC राजेश कुमार को थप्पड़ जड़ दिया, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, DFSC राजेश कुमार भाकियू अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी से बातचीत करने लघु सचिवालय परिसर पहुंचे थे। चढूनी अपनी ट्रॉली में रखी धान (जीरी) पर बैठे थे। जैसे ही DFSC उनसे मिलने पहुंचे, चढूनी नीचे उतरे और उन्हें थप्पड़ मार दिया। यह घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई। तत्काल पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए चढूनी समेत 10 से 15 किसानों को हिरासत में लेकर झांसा थाना भेज दिया।
धान की खरीद न होने पर कर रहे थे विरोध
गुरनाम सिंह चढूनी मंगलवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान लेकर लघु सचिवालय पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रशासन किसानों की धान की खरीद और उठान नहीं कर रहा है।
चढूनी ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। बुधवार को उन्होंने किसानों से आह्वान किया था कि वे लघु सचिवालय परिसर में एकत्रित हों। किसान नेता ने बताया था कि वे अपनी उपज को दूसरे जिले में बेचना चाहते हैं, जिसके लिए उन्होंने DC से अनुमति (परमिशन) मांगी थी। लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से वे नाराज़ थे।